35 फिट रावण का किया जायेगा दहन, होंगे आकर्षक कार्यक्रम, सिने अभिनेत्री मंदाकिनी करेंगी शिरकत

0
104

35 फिट रावण का किया जायेगा दहन, होंगे आकर्षक कार्यक्रम, सिने अभिनेत्री मंदाकिनी करेंगी शिरकत

चांपा। परंपरा, श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक दशहरा उत्सव इस बार भालेराय मैदान में और भी भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष का मुख्य आकर्षण 35 फीट ऊँचा रावण का पुतला होगा, जिसमें अनोखा एनिमेशन जोड़ा गया है। यह एनिमेशन दर्शकों को रोमांच और हैरत से भर देगा। साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी 25 से 30 फीट ऊँचे बनाए जा रहे हैं, जो धधकते अग्निकुंड में दहन के साथ उत्सव की भव्यता में चार चाँद लगाएंगे।

दशहरा उत्सव का आगाज शाम 6 बजे होगा, जब प्रसिद्ध जशगीत गायक देवेश शर्मा अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना देंगे। इसके बाद उत्सव में और भी आकर्षण बढ़ेगा जब चर्चित फिल्म राम तेरी गंगा मैली की अभिनेत्री मंदाकिनी सेलेब्रिटी मेहमान के रूप में मंच पर उपस्थित होंगी। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम में चारों ओर उत्साह और उमंग का माहौल बनने की संभावना है। इसके बाद राम-रावण संवाद और नाटकीय मंचन होगा, जो दर्शकों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों और बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश से अवगत कराएगा।

आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता में बताया कि कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान में बैठने की उचित व्यवस्था की गई है, वहीं भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। सुरक्षा दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती होगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बीते सोमवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रेसवार्ता में रावण उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। समिति का कहना है कि इस बार का दशहरा उत्सव दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा, जिसमें भव्यता, परंपरा और आधुनिकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here