
वासु सोनी चांपा। जिले के थाना चांपा क्षेत्र में शराब पीने के लिए रंगदारी मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर एक दुकानदार के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को चाम्पा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रार्थी दीपक देवांगन, निवासी शंकर नगर चाम्पा ने 07 जून 2026 को थाना चाम्पा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 06 जून की रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पहले शंकर नगर निवासी शंकर दास महंत उर्फ बिल्ला, उम्र–27 वर्ष निवासी– शंकर नगर, चाम्पा और उसके साथी तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु उम्र–19 वर्ष निवासी–शंकर नगर, चाम्पा ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने दीपक से कहा, “तुम्हारी दुकान अच्छी चलती है, हमें पैसा दो, शराब पीना है।” जब दीपक ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी भड़क गए। उन्होंने गाली- गलौज करते हुए कहा, आज कैसे पैसा नहीं देगा और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर धारा 126(2), 296, 351(3),115 (2), 119(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। तत्पश्चात 10 जून 2026 को दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

