जीवित व्यक्तियों को कागजों में मृत दर्शाकर एसईसीएल में रोजगार प्राप्त करने के गंभीर आरोप, नगर निगम कोरबा ने दर्ज कराई दो एफआईआर, रामरतन एवं भोला राम के मामलों में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग

0
3

वासु सोनी कोरबा। दक्षिण पूर्व मध्य कोयला क्षेत्र एसईसीएल में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार प्राप्त करने से जुड़े दो गंभीर मामलों में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा थाना सिविल लाइन, कोरबा में अपराध दर्ज कराई गई है। इन मामलों में ग्राम जरहाजेल निवासी रामरतन पिता स्वर्गीय जेठू एवं भोला राम पिता स्वर्गीय गिरधारी से संबंधित मृत्यु पंजीयन एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों की सत्यता पर गंभीर सवाल उठे हैं।

प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, रामरतन के नाम से मृत्यु प्रमाण-पत्र क्रमांक 490 दिनांक 05.09.2003 जारी होने का उल्लेख है, जिसमें कथित मृत्यु दिनांक 02.05.1997 दर्शाई गई है। वहीं भोला राम के मामले में मृत्यु प्रमाण-पत्र क्रमांक 487 दिनांक 05.09.2003 तथा कथित मृत्यु दिनांक 12.06.1997 का उल्लेख सामने आया है। जबकि दोनों व्यक्तियों के जीवित होने तथा अपने अधिकारों के लिए प्रयासरत रहने के दस्तावेज उपलब्ध हैं।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि यदि दोनों व्यक्ति जीवित थे, तो उनके नाम से मृत्यु संबंधी अभिलेख किस आधार पर तैयार और पंजीकृत किए गए? इन अभिलेखों का उपयोग किसने किया और क्या इनके आधार पर एसईसीएल में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार प्राप्त किया गया? क्या संबंधित विभागों ने वास्तविक भूमिस्वामी की पहचान, उत्तराधिकार एवं पात्रता का सत्यापन किया था? इन सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

नगर निगम कोरबा द्वारा दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कराया जाना इस प्रकरण की गंभीरता को दर्शाता है। अब पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि मृत्यु पंजीयन के मूल रिकॉर्ड, प्रमाण-पत्र जारी करने की फाइल, आवेदनकर्ता की पहचान, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका तथा एसईसीएल के भूमि अधिग्रहण, नामांकन और नियुक्ति संबंधी मूल अभिलेखों की जांच की जाए।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता गणपत शर्मा ने मांग की है कि दोनों एफआईआर की विवेचना निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से की जाए। साथ ही एसईसीएल मुख्यालय एवं कोल इंडिया लिमिटेड के स्तर पर स्वतंत्र विभागीय सतर्कता जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तविक भूमिस्वामियों के अधिकारों को प्रभावित कर किसी अन्य व्यक्ति को रोजगार लाभ तो नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल दो व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय अभिलेखों की विश्वसनीयता, भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार की पारदर्शिता और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़ा हुआ है। यदि जांच में किसी व्यक्ति या अधिकारी की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए तथा वास्तविक पात्र परिवारों को लागू नीति के अनुसार न्याय एवं उचित राहत मिलनी चाहिए।

साथ ही दोनों यह भी कहा गया कि एफआईआर को गंभीरता से लेते हुए जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा दोनों प्रभावित व्यक्तियों को न्याय मिलने तक इस मामले की निगरानी वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here