वासु सोनी चांपा। नगर में इन दिनों सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी सामने आ रही है? नगर पालिका और पार्टी संगठन के बीच समन्वय नहीं होने के कारण कई विकास कार्य अटके हुए हैं और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, नगर के विकास को लेकर लिए जाने वाले निर्णयों में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। इससे संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर पालिका में होने वाले बड़े निर्णयों की जानकारी संगठन के पदाधिकारियों को पहले नहीं दी जाती। बैठक के बाद उन्हें पता चलता है। जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उनकी समस्याओं और जनता की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं पर सत्ता और संगठन एक मंच पर नहीं आ पा रहे हैं। इस कारण कई काम फाइलों में ही अटके हुए हैं। जनता का कहना है कि चुनाव के समय किए गए वादे पूरे नहीं हो रहे हैं। जब सत्ता और संगठन में ही तालमेल नहीं होगा, तो जनता का काम कैसे होगा?
वहीं कार्यकर्ताओं को दिन-रात जनता के बीच रहना पड़ता हैं, जो उनकी समस्याएं सुनते हैं। लेकिन जब उन समस्याओं को ऊपर तक पहुंचाते की बात आती हैं तब कोई सुनवाई नहीं होती। सत्ता में बैठे लोग संगठन को केवल चुनाव के समय याद करते हैं।
वहीं, दूसरी ओर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों का मानना है कि सभी निर्णय नियमों के अनुसार ही लिए जा रहे हैं। संगठन से समन्वय बनाकर ही काम किया जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते सत्ता और संगठन के बीच तालमेल नहीं बैठा, तो इसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है?



