वासु सोनी चांपा। रक्तदान महादान के संकल्प के साथ चांपा में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। डी.बी. वेंचर्स, आयुष्मान ब्लड सेंटर एवं मॉर्निंग क्रिकेट फैमिली के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर 29 नवंबर 2026, रविवार को आयोजित होगा। शिविर का आयोजन इंडोर हॉल, भालेराव मैदान चांपा में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
एक बूंद रक्त, किसी की जिंदगी
आयोजकों का कहना है कि रक्त की कमी के कारण हर दिन कई मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है। थैलेसीमिया, डेंगू, दुर्घटना और ऑपरेशन के मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता। इसी कमी को दूर करने के लिए इस विशाल शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने नगर के युवाओं, समाजसेवियों, क्रिकेट प्रेमियों, व्यापारियों और सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता की इस मुहिम का हिस्सा बनें।
रक्तदान करने वालों को मिलेगा सम्मान
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को आयोजकों द्वारा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच भी शिविर में निःशुल्क की जाएगी। आयुष्मान ब्लड सेंटर की टीम द्वारा शिविर में रक्त संग्रह किया जाएगा और एकत्रित रक्त को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाएगा।
आयोजकों की अपील
डी.बी. वेंचर्स के डायरेक्टर धीरेन्द्र बाजपेयी ने कहा रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। आपका दिया हुआ एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। हम चांपा के सभी लोगों से अपील करते हैं कि 29 नवंबर को भालेराव मैदान पहुंचकर रक्तदान जरूर करें। वहीं शहर में इस शिविर को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



