आदिवासी महिला को नग्न कर लाठी-डंडे से पीटा, बाइक से बांधकर घुमाया: वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया, 5 महिलाओं समेत 15 लोगों ने की क्रूरता

0
158

गुजरात के आदिवासी बहुत दाहोद जिले में शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां भीड़ ने 35 वर्षीय विवाहित आदिवासी महिला को नग्न (निर्वस्त्र) कर लाठी-डंडे से पीटा। उसके बाद बाइक से बांधकर पूरे गांव में घुमाया। महिला को गांव के ही 15 लोगों ने अमानवीय यातनाएं दीं। सबसे हैरान करने वाली बात यह कि इन 15 लोगों में 5 महिलाएं और 4 नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। दहाेद में महिला को दी गई तालिबानी सजा का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया है। विवाहित महिला पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक आदिवासी महिला का पति हत्या के एक मामले में जेल में है। सामने आया है कि संजेली तालुका में रहने वाली 35 साल की महिला का गांव के ही निवासी गोविंदलाल सिगभाई राठौड़ के साथ प्रेम संबंध था।

घटना वाले दिन 28 तारीख को जब महिला अपने प्रेमी गोविंदभाई के घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उसके ससुराल पक्ष के 15 लोग गोविंदभाई के घर में घुस आए। महिला को उसके प्रेमी के घर से बाहर निकाल दिया। सभी महिला को पीटते हुए घर के बाहर लाए और उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद महिला को नग्न कर दिया। इस दौरान महिला उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती रही। बावजूद इसके आरोपियों को थौड़ी सी भी दया नहीं आई। आरोपियों ने महिला को नग्न कर बाइक से बांधकर पूरे गांव में घुमाया। आरोपियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

प्रेमी के साथ रह रही थी महिला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पति के जेल जाने के बाद महिला अपने ससुराल वालों के साथ रहती थी। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले महिला और उसके ससुराल वालों के बीच संबंध खराब हो गए थे और वह अपने माता-पिता के पास जाने के लिए गांव छोड़ कर चली गई थी। जालोद पुलिस ने बताया कि उसका गांव के एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था और वह दो-तीन महीने पहले अपने माता-पिता का घर छोड़ कर उस व्यक्ति के पास रहने चली गई थी। इस बात से नाराज होकर चचेरे भाई ने अन्य रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। पुरुषों, महिलाओं और नाबालिगों सहित करीब 15 लोगों का एक समूह इकट्ठा हुआ और महिला को उसके प्रेमी के घर से घसीट कर बाहर ले गया। कथित तौर पर भीड़ ने उसकी पिटाई की और उसके कपड़े उतार दिए। इसके बाद महिला को उसके ससुराल वालों के घर तक घसीटा गया, जहां से उसे वापस लाया गया।

आरोपियों में 5 महिलाएं भी शामिल

महिला को यातना देने वाली 15 लोगों की भीड़ में 5 महिलाएं भी थीं। आरोपी महिलाएं पीड़ित को पकड़े थीं और डंडे से पीट रही थीं। पीड़ित महिला उनसे गुहार लगाती रहती है, लेकिन आरोपी महिलाएं उसे गालियां देते हुए पीटती रहती हैं। भीड़ महिला को अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाती रही। कुछ लोग उसका वीडियो बनाते रहे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सभी 15 आरोपियों के नाम…

महिला के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी पुरुषों के नाम…बहादुर कांति डामोर, संजय बहादुर डामोर, दियार कीर्तन बहादुर डामोर, राजू कांति डामोर, धर्मेंद्र राजू डामोर, गोविंद भारत डामोर, हिमंत गेदल डामोर, पप्पू कल्याण डामोर, गोपाल पप्पू डामोर और विक्रम बहादुर पगी।

आरोपी महिलाओं के नाम…हंसाबेन राजू डामोर, चंपाबेन बहादुर डामोर, सीताबेन विनोद सिसोदिया, वर्षाबेन पप्पू कल्याण डामोर और रमीलाबेन हिमंत डामोर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here