वासु सोनी चांपा। देवांगन मोहल्ला स्थित हनुमान चौक में नशे का सामान बेचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है जिस पर इसे बंद करवा पाने नगर पुलिस कतरा रही है। आखिर नगर पुलिस या जिले की पुलिस या राज्य की पुलिस कार्रवाई कर इसे बंद क्यों नहीं कर पा रही है? संभवतः इस मामले में किसी बड़े या रसूखदार व्यक्तियों का हाथ होना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल नशे का कारोबार देवांगन मोहल्ला स्थित हनुमान चौक में खुलेआम फल फूल रहा है।
जहां सुबह से लेकर शाम तक बंद गेट से हाथ आर पार ले जाकर ऐसा कौन सा पुड़िया दिया जाता है जो खुलेआम दिया जा रहा है? गाड़ियां सुबह से ही आती है और बंद गेट से एक हाथ अन्दर जाता है तो अन्दर से एक हाथ बाहर निकालकर रुपए और नशे का सामान अंदर बाहर किया जाता है। कुछ लोगों का मानना है कि उस गेट से लाखों नहीं करोड़ों का व्यवसाय भी हो सकता है? साथ ही नशे के व्यापार में वहां कौन सा सामान दिया जाता है इसकी भी जानकारी किसी को नहीं है। सोचने वाली बात ये है कि इस रोड या फिर इस स्थान से सुबह से लेकर रात तक कई बार पुलिस और प्रशासन के लोगों का आना जाना लगा रहता है। बावजूद कोई भी कारवाई नहीं हो पाना कुछ अलग ही मामलों को दर्शाता है। वही दूसरी ओर सामने स्थित पान दुकान का व्यापार भी जोरों पर है जो दुकान खुलने से कम और बंद होने से ज्यादा कमाई कर रहे है। साथ ही विशेष संरक्षण की बात भी सामने आती है। हमारे द्वारा लगातार इस विषय पर समाचार का प्रकाशन कर संबंधित अधिकारियों को भेजा भी गया है बावजूद किसी भी प्रकार की कार्रवाई ना हो पाना इस नशे के व्यापार में अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता की ओर इशारा करता है? फिलहाल इस नशे के व्यापार पर किस ईमानदार अधिकारी की नजर पड़ती है और कैसी कार्रवाई होती है ये देखने वाली बात होगी।


