वासु सोनी कोरबा/बिलासपुर/जांजगीर-चांपा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कुसमुण्डा क्षेत्र में भू-अर्जन के बदले नौकरी प्रदान करने में हुए गंभीर भ्रष्टाचार और विभागीय जांच के नाम पर की गई प्रशासनिक लीपापोती का मामला अब कोल इंडिया और एसईसीएल मुख्यालय के शीर्ष स्तर तक पहुँच गया है। ग्राम मनगांव, तहसील दीपका की मूल भू-स्वामिनी श्रीमती राधिका बाई पति स्व. लखनलाल केंवट के विधिवत नोटरीकृत अधिकृत प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता गनपत शर्मा ने केंद्रीय डिस्पैच के माध्यम से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सीएमडी, एसईसीएल बिलासपुर, मुख्य सतर्कता अधिकारी और महाप्रबंधक कुसमुण्डा क्षेत्र को विस्तृत साक्ष्यों सहित शिकायत प्रेषित कर दोषमुक्ति आदेश को निरस्त करने तथा उच्च स्तरीय सतर्कता जांच की मांग की है।
प्रकरण के प्रमुख तथ्य और गंभीर आरोप, फर्जी महिला को खड़ा कर बयान दर्ज कराने का षड्यंत्र
एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र के अनुशासनात्मक अधिकारी द्वारा 24 एवं 25 मई 2026 को जारी आदेश क्रमांक 561 के तहत लिपिक श्रेणी-2 के कर्मचारी संतोष कुमार जायसवाल (कर्मचारी क्र. 24905813) को यह कहकर दोषमुक्त कर दिया गया कि जांच के दौरान कर्मचारी की माता द्वारा स्वयं को राधिकाबाई बताया गया तथा आरोपित कर्मचारी को अपना पुत्र स्वीकार किया गया। इसके ठीक विपरीत, वास्तविक भू-स्वामिनी श्रीमती राधिका बाई ने 23 अक्टूबर 2026 को नोटरी के समक्ष शपथ-पत्र देकर स्पष्ट किया है कि उन्होंने न तो कभी एसईसीएल के समक्ष उपस्थित होकर उक्त व्यक्ति को अपना पुत्र बताया है और न ही नौकरी के लिए कोई सहमति-पत्र दिया है। स्पष्ट है कि जांच को भटकाने के लिए किसी अन्य महिला को खड़ा कर प्रतिरूपण का अपराध किया गया है।
शासकीय शाला के दाखिल-खारिज रजिस्टर से खुली पोल
शासकीय प्राथमिक शाला फरसवानी तहसील कटघोरा के प्रमाणित दाखिल-खारिज रजिस्टर क्रमांक 2098 के अनुसार, कर्मचारी संतोष कुमार के पिता का नाम मातादीन और जाति कलार (जायसवाल) दर्ज है। वहीं वास्तविक भू-स्वामी परिवार की जाति केंवट है और वे ग्राम मनगांव/धतूरा के निवासी हैं। दो भिन्न जातियों और अलग-अलग परिवारों के बीच माता-पुत्र का झूठा संबंध दिखाकर नौकरी हासिल करना सीधे तौर पर कूट रचना है।
शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में भी माता का नाम अलग
संतोष कुमार जायसवाल की एमए की अंकसूची में माता का नाम शांति बाई दर्ज है, जबकि एसईसीएल की सेवा पुस्तिका में राधिकाबाई दर्ज कराया गया। जांच अधिकारी द्वारा विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन संबंधी पत्र की आड़ लेकर इस गंभीर फर्जीवाड़े को नजरअंदाज करना कंपनी के प्रमाणित स्थायी आदेशों (धारा 26:9 एवं 26:22) की घोर अवहेलना है।
मूल भू-स्वामी को वर्षों तक गुमराह कर वंचित रखा गया
ग्राम मनगांव स्थित खसरा नंबर 247/5/घ (रकबा 0.08 एकड़ / लगभग 8 डिसमिल) की वास्तविक स्वामिनी राधिका बाई को एसईसीएल अधिकारियों द्वारा वर्षों तक यह कहकर गुमराह किया जाता रहा कि कम भूमि होने के कारण रोजगार की पात्रता नहीं बनती, जबकि उसी खसरे के विरुद्ध वर्ष 2009 के आसपास संतोष कुमार जायसवाल को चुपचाप नौकरी दे दी गई। 71 पृष्ठों की विभागीय जांच के दौरान भी वास्तविक भू-स्वामी को न तो नोटिस दिया गया और न ही उनका पक्ष सुना गया।
एसईसीएल सीएमडी से की गई प्रमुख मांगें
- कुसमुण्डा क्षेत्र द्वारा जारी एकतरफा दोषमुक्ति आदेश क्रमांक 561 (दिनांक 24/25.05.2026) को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
- संपूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष जांच कुसमुण्डा क्षेत्र से बाहर एसईसीएल मुख्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी या स्वतंत्र उच्च स्तरीय समिति को सौंपी जाए।
- जांच के दौरान फर्जी रूप से “राधिका बाई” बनकर बयान देने वाली महिला, लाभार्थी कर्मचारी संतोष कुमार जायसवाल तथा मिलीभगत करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
- मूल भू-स्वामी के वैधानिक अधिकार के तहत संपूर्ण 71 पृष्ठों की जांच फाइल की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जाए।



