वासु सोनी शिवरीनारायण/जांजगीर-चाम्पा।कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवरीनारायण में श्री राधा-माधव महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 24 नवंबर 2026 मंगलवार को मेला ग्राउंड शिवरीनारायण में सम्पन्न होगा।
श्री आनंदम धाम शिवरीनारायण द्वारा आयोजित यह महोत्सव परमपूज्य सद्गुरु श्री ऋतेश्वर के पावन सानिध्य एवं मंगलमय कृपाशीष में संपन्न होगा। आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव में श्री राधा-माधव की दिव्य प्रेम-भक्ति, सनातन संस्कृति की भव्यता और सद्गुरु कृपा का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।
श्री राधा-माधव महोत्सव आयोजन में दोपहर 3 बजे से श्री आनंदम धाम से त्रिवेणी संगम मेला ग्राउंड तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 5 बजे से पावन त्रिवेणी संगम तट पर वेद मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ चुनरी दान किया जाएगा। शाम 6 बजे भव्य महानदी महाआरती, श्री राधा माधव महोत्सव, भजन, संकीर्तन, दिव्य उत्सव एवं सद्गुरु जी के आशीर्वचन की अनुपम संगम में महानदी महाआरती होगी।
तत्पश्चात रात्रि 8.30 बजे समस्त श्रद्धालु भक्तों के लिए अन्नपूर्णा भंडारा महाप्रसादम आयोजित है।
इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 1,21,000 दीप दान होगा। जिससे पूरा शिवरीनारायण दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा, श्री राधा-माधव की प्रेममयी भक्ति एवं सद्गुरु कृपा के इस दिव्य महोत्सव में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।


