महिला को पार्सल में सामान की जगह लाश मिली है. लाश के एक साथ एक धमकी भरा लेटर भी भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि 1 करोड़ 30 लाख रुपये अगर उसने नहीं भरे तो अंजाम भुगतना होगा. महिला की शिकायत पर पुलिस ने लाश बरामद कर जांच में जुट गई है. महिला का पति 10 साल से लापता है. लेटर भेजने वाले ने कहा कि आपके पति ने 2008 में 3 लाख रुपए का लोन लिया था. जो अब बढ़ते-बढ़ते 1.35 करोड़ रुपए हो गया है.
आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार येंदागंडी गांव में रहने वाली महिला नागा तुलसी के निर्माणाधीन घर में गुरुवार रात को ऑटो रिक्शा के जरिए यह पार्सल डिलीवरी की गई है. महिला का पति 10 सालों से लापता है. वह घर में अकेली रहती है. जो ऑटो ड्राइवर पार्सल लेकर आया था उसने बताया कि बॉक्स के अंदर लाइट और पंखे हैं. जब उसने पार्सल खोला तो उसके होश उड़ गए.
दरअसल कुछ दिनों पहले क्षत्रिय सेवा समिति नाम के एक संगठन से जुड़े एक शख्स ने महिला की मदद करने की बात कही थी. बीतें सितंबर महीने में महिला को उसी शख्स ने संस्था के द्वारा पंखे और लाइट भेजने को कहा था. जब महिला को पार्सल मिला तो रिक्शे वाले ने भी यही कहा था कि बॉक्स में लाइट और पंखे हैं.
महिला को मिली धमकी मांगे 1.35 करोड़ रुपये
शव के साथ मिले नोट में लिखा है, ‘आपके पति ने 2008 में 3 लाख रुपए का लोन लिया था. जो अब बढ़ते-बढ़ते 1.35 करोड़ रुपए हो गया है. अपने परिवार के साथ कुछ बुरा होते नहीं देखना चाहती तो पूरी रकम चुकानी होगी.’
पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरूआती जांच में पता चला है कि शव 45 साल के पुरुष का है. उसकी मौत 4-5 दिन पहले हुई है. यह हत्या का मामला है या नैचुरल डेथ है, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस 4 से 5 दिन पहले हुए लापता लोगों की तलाश में जुट गई है.



