
दुर्ग,
छत्तीसगढ़ से इस वक्त बड़ी खबर मिली है। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले मामले में दुर्ग से गिरफ्तार संदिग्ध को मुंबई पुलिस ने पूछताछ के बाद रेलवे स्टेशन लेकर जाकर छोड़ दिया है। मीडिया से चर्चा के दौरान आकाश कनौजिया ने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया। मुझे पूछताछ के लिए यहां लाया गया था और अब मुझे रिहा कर दिया गया है। मैं आरोपी नहीं हूं। मुंबई पुलिस ने दुर्ग आरपीएफ को संदेही का फोटो भेजा था, जिसके आधार पर शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस की जरनल बोगी से संदेही आकाश कैलाश कनौजिया को हिरासत में लिया गया था।
इसके बाद मुंबई पुलिस दुर्ग पहुंची थी। रातभर के तमाशे के बाद एक्टर सैफ अली खान पर हुए हमले में दुर्ग में हिरासत में लिए गए संदेही युवक आकाश कनौजिया को छोड़कर मुंबई पुलिस के अधिकारी वापस लौट गए् हैं। मुम्बई पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज और फोटो के आधार पर दुर्ग रेलवे पुलिस ने मुम्बई के हिस्ट्री शीटर बदमाश आकाश कनौजिया को शनिवार को दोपहर 1.30 बजे ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से हिरासत में लिया था।
दुर्ग रेलवे पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया था कि वह जांजगीर जिले के नैला में सिटी कोतवाली क्षेत्र के दीरा नगर में रहने वाली अपनी नानी बेबा तुलसा यादव से मिलने जा रहा है। मुंबई पुलिस ने संदेही आकाश कैलाश कनौजिया से शनिवार देर रात तक पुछताछ की। बांद्रा क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर प्रदीप फुंडे ने कहा कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरा कर ली गई है। हम उसे रेलवे स्टेशन पर छोड़ देंगे। वह आरोपी नहीं है, हम उसे मुंबई नहीं ले जा रहे हैं।
आंध्रपदेश के जेल में 6 महीने था बंद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक एनडीपीएस के अपराध में 6 महीने आंध्रप्रदेश के जेल में बंद था. वहीं उसके खिलाफ मारपीट, चाकूबाजी के कई मामले मुम्बई के अलग-अलग थानों में दर्ज है। सैफ अली खान के घर चोरी और हमले में शामिल होने के संदेह पर मुंबई पुलिस के एसआई प्रदीप फुन्दे पूछताछ करने दुर्ग पहुंचे थे। पूछताछ में युवक की घटना में सलिप्तता सामने नहीं आने पर छोड़ दिया गया।


