
कोंडागांव,
छत्तीसगढ़ में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। रोज एक्सीडेंट में मौत हो रही है या घायल हो रहे हैं। इस बीच, कोंडागांव सिटी कोतवाली में नेशनल हाईवे 30 पर लंजोड़ा गांव में तेज रफ्तार में जा रही एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक फरसगांव क्षेत्र के निवासी थे। हादसा तब हुआ जब वे फरसगांव से कोण्डागांव की ओर आ रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और घटना के सटीक कारणों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त बाइक काफी तेज रफ्तार में थी, जिससे वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और यह सीधे डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, जांजगीर के मुनुन्द रोड पर ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में 1 लड़की की मौत हो गई है, वहीं 3 अन्य लोग घायल हैं। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 4 लोग बाइक में सवार होकर जांजगीर से सुकली जा रहे थे, तभी जांजगीर के केंद्रीय विद्यालय के सामने ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला दिया। हादसे में बाइक सवार लड़की मंजू की मौत हो गई है, वहीं 3 अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजन को शव सौंप दिया है।


