अमेरिका ने बांग्लादेश की यूनुस सरकार का बड़ा झटका दिया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेश को दी जाने वाली अमेरिकी मदद पर रोक लगा दी है. ट्रंप ने अमेरिका की बागडोर संभालते ही कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को दी जाने वाली आर्थिक मदद पर 90 दिनों के लिए तत्काल रोक लगा दी है. USAID ने पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है. इससे पहले बीतें दिनों उन्होंने युक्रेन को दी जाने वाली सहायता पर रोक लगा दिया था. अब एक और बड़ा फैसला लेते हुए अमेरिकी सरकार ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार को की जाने वाली मदद रोकने का निर्णय लिया है.
अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही डोनाल्ड ट्रम्प कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं. संयुक्त राज्य अमेरिका की दाता एजेंसी यूएसएआईडी द्वारा 25 जनवरी को जारी एक पत्र में बांग्लादेश में अनुबंधों, कार्य आदेशों, अनुदानों, सहकारी समझौतों या अन्य सहायता या खरीद उपकरणों के तहत किसी भी कार्य को तत्काल बंद या निलंबित करने की घोषणा की है. दिवालिया बांग्लादेश, जो पहले से ही भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, इस निर्णय के बाद और भी बड़ी चुनौतियों का सामना करेगा.
यह फैसला अमेरिका की ओर से दी जाने वाली विदेशी सहायता पर समीक्षा के बाद आया है. अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय सहायता दाता है. उसने वित्तीय वर्ष 2023 में 72 बिलियन डॉलर की मदद अलग-अलग देशों को दी थी. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के फैसले से बांग्लादेश में काम कर रहे अमेरिकी-वित्त पोषित गैर-सरकारी संगठनों सहित परियोजना हितधारकों में चिंता बढ़ गई है.
USAID (यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट) अमेरिकी सरकार की स्वतंत्र एजेंसी है, जो दुनिया भर में आर्थिक, विकास और मानवीय सहायता प्रदान करती है. बांग्लादेश को मिलने वाली अमेरिकी सहायता में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और आपदा राहत जैसे क्षेत्र शामिल हैं.



