18वीं लोकसभा का पहला बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के जॉइंट सेशन को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने अभिभाषण की शुरुआत महाकुंभ हादसे में दुख व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा- माननीय सदस्यों इस वक्त महाकुंभ भी चल रहा है। वहां हुए हादसे पर दुख प्रकट करती हूं।
राष्ट्रपति ने त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर मुफ्त राशन तक का जिक्र किया और कहा कि गरीबों को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिला। मध्यम वर्ग के सपनों को भी उड़ान मिली है। भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। सरकार का मंत्र है- सबका साथ, सबका विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित भारत बनाना है। देश में 25 करोड़ आबादी को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है। 75 साल से अधिक उम्र के लोगों, जिन्हें केवल पेंशन मिलती है, आयकर दाखिल करने के संबंध में उनको खुद निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। आठवें वेतन आयोग के गठन का फैसला लिया गया है। घर के लोन पर सब्सिडी दी जा रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास जारी है। हमारी सरकार वीमेन लेड डेवलपमेंट पर विश्वास करती है।
राष्ट्रपति ने स्टार्टअप इंडिया से डिजिटल इंडिया तक, योजनाओं का जिक्र कर रोजगार के अवसर भी गिनाए। साथ ही कहा कि एक करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप की व्यवस्था से युवाओं को काम करने का अनुभव प्राप्त होगा।
भारत को बनाना है ग्लोबल पावर हाऊस
संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “विकसित भारत के निर्माण में किसान, जवान और विज्ञान के साथ ही अनुसंधान का बहुत अहम रोल होता है। हमारा लक्ष्य भारत को ग्लोबल पावर हाउस बनाना है। देश के शिक्षण संस्थानों में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार करोड़ की लागत से अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन स्थापित किया गया है।
इंडिया एआई मिशन और डिजिटल कॉमर्स पर सरकार का फोकस
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार की ओर से कृत्रिम मेधा (आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस) के क्षेत्र में देश के योगदान को आगे बढ़ाते हुए इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “ONDC की व्यवस्था ने डिजिटल कॉमर्स यानि ऑनलाइन शॉपिंग की व्यवस्था को समावेशी बनाने का काम किया है। आज देश में छोटे उद्योगो को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिल रहा है।
हमारी UPI टेक्नोलॉजी की कामयाबी से दुनिया चकित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “भारत की UPI टेक्नोलॉजी की सफलता से कई विकसित देश भी प्रभावित हैं। आज 50 फीसदी से ज्यादा रियल टाइम डिजिटल ट्रांसैक्शन भारत में हो रहा है। मेरी सरकार ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक न्याय और समानता के एक टूल के तौर पर इस्तेमाल किया है।
भारत निर्मित गगनयान में अंतरिक्ष जाएंगे अंतरिक्षयात्री
राष्ट्रपति ने नालंदा विश्वविद्यालय के नए कैंपस के लोकार्पण से लेकर इसरो के सैटेलाइट सफलतापूर्वक स्थापित करने का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन भी दूर नहीं जब भारत में निर्मित गगनयान में अंतरिक्षयात्री भी अंतरिक्ष में जाएंगे। ओलंपिक से पैरालंपिक और विश्व शतरंज चैम्पियनशिप में भारत ने अपना परचम लहराया है। किसान, जवान, विज्ञान के साथ ही अनुसंधान का भी बहुत महत्व है। 50 हजार करोड़ रुपये से अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया है। इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया है। मेरी सरकार बॉयो ई पॉलिसी लाई है जो बॉयो इकोनॉमी का आधार होगा। मेरी सरकार ने अर्थव्यवस्था को पॉलिसी पैरालाइसिस जैसी स्थिति से उबारने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति के साथ काम किया है। ईज ऑफ डूइंग की भावना को बढ़ावा देने के लिए कई काम किए हैं।
किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने के लिए सरकार समर्पित
राष्ट्रपति ने कहा कि किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने के लिए समर्पित भाव से मेरी सरकार काम कर रही है। उन्होंने अनाज उत्पादन के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा दूध, दाल और मसालों का उत्पादक है. मोटे अनाज की खरीद पर तीन गुना अधिक राशि खर्च की गई है।
स्वास्थ्य में किए अभूतपूर्व उपलब्धि
मेरी सरकार बहुआयामी और समरस विकास की नीतियों पर काम करती आई है। समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचे, ये सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च परिवार में कम हो रहा है। एक लाख 75 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं। कैंसर दवाओं को कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। सर्वाइकल कैंसर के लिए नौ करोड़ महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। दिमागी बुखार से लड़ने में देश को काफी सफलता मिली है। टीबी के मरीजों की संख्या भी घटी है. टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। भारत में मातृत्व और शिशु मृत्यु दर में भी व्यापक सुधार हुआ है। टेली मेडिसीन के माध्यम से भी नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ मिला है। अगले 5 साल में मेडिकल कॉलेजों में 75 हजार सीटें बढ़ाने पर भी काम कर रही है। रोजगार के अनेक नए अवसर उपलब्ध हो रहा है।
दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क दोगुना हुआ
राष्ट्रपति ने 1700 विमानों का ऑर्डर एविएशन कंपनियों की ओर से दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में एयरपोर्ट्स की संख्या दोगुनी हो गई है। मेरी सरकार ने सौ औद्योगिक पार्क बनाने का भी निर्णय लिया है। शहरी यातायात को सुगम बनाने का कार्य भी लगातार जारी है। कुछ हफ्ते पहले ही दिल्ली में रिठाला, नरेला, कोंडली कॉरिडोर का काम शुरू हुआ है जो दिल्ली का सबसे बड़ा मेट्रो कॉरिडोर होगा। दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क बढ़कर दोगुना से भी अधिक हो गया है। भारत में मेट्रो नेटवर्क एक हजार किलोमीटर से भी अधिक हो गया है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश चल रहा है। देश में 15 रोप-वे प्रोजेक्ट्स पर भी काम हो रहा है.
कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश रेलवे लाइन से जुड़ेगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल संपर्क परियोजना पूरी हो चुकी है और अब देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेलवे लाइन से जुड़ जाएगा। उन्होंने आगे कहा, “कुछ हफ्ते पहले ही दिल्ली में रिठाला-नरेला-कोंडली कॉरिडोर का काम शुरू हुआ है, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के बड़े सेक्शन में से एक होगा।



