दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान के बीच पहले आम आदमी पार्टी के दो विधायक दिनेश मोहनिया और अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आप के दोनों विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ महिला ने ‘फ्लाईंग किस’ देने का आरोप लगाते हुए संगम विहार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं AAP प्रत्याशी अमानतुल्लाह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में जामिया नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक दिनेश मोहनिया पर केस दर्ज हो गया है। महिला ने विधायक पर प्रचार के दौरान फ्लाइंग किस देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर संगम विहार पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने 115/79/127 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में फिलहाल विधायक की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है।
इधर दिल्ली में वोटिंग शुरू होने से पहले ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक और प्रत्याशी अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें बढ़ गई है। AAP प्रत्याशी अमानतुल्लाह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में जामिया नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
दक्षिण पूर्व दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि आम आदमी पार्टी के ओखला से प्रत्याशी अमानतुल्लाह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन के आरोप में जामिया नगर पुलिस स्टेशन केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223/3/5 और 126 आरपी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
AAP ने चौथी बार भी जताया भरोसा
साउथ दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की 10 विधानसभाओं में से एक संगम विहार सीट है। यहां से दिनेश मोहनिया तीन बार के विधायक हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने मोहनिया को चौथी बार भी टिकट दिया है। उनके सामने बीजेपी ने चंदन कुमार तो कांग्रेस ने हर्ष चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है।



