‘स्वच्छता में 8वें स्थान’ की चमक के पीछे दम घोंटती धूल और मौत को दावत देता हसदेव पुल… मुख्य सचिव, कलेक्टर व निगम आयुक्त को भेजा गया अंतिम अल्टीमेटम…

0
20

राताखार-दर्री मार्ग स्थित हसदेव पुल की उखड़ी परत व बाहर निकली सरियों की मरम्मत के बजाय निगम ने कागजी प्रस्ताव का हवाला देकर बंद कर दी थी शिकायत…

दर्री बैराज-बालको (रूमगढ़ा) और सीतामढ़ी मार्ग पर उड़ते जहरीले धूल के गुब्बार से अस्थमा व सिलिकोसिस जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा…

सामाजिक कार्यकर्ता एवं RTI एक्टिविस्ट गणपत शर्मा ने 09 पृष्ठों के साक्ष्य सहित ईमेल से भेजा वैधानिक नोटिस…

20 दिवस में ठोस कार्रवाई न होने पर उग्र जन-आंदोलन की चेतावनी…

कोरबा/जांजगीर-चांपा। देश के 8वें सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने वाले नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जर्जर पुलों और अनियंत्रित धूल प्रदूषण ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। इस गंभीर जनसमस्या पर प्रशासनिक संवेदनहीनता और कागजी खानापूर्ति के विरुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट गणपत शर्मा ने शुक्रवार 20 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव, कोरबा कलेक्टर एवं नगर पालिक निगम आयुक्त को ईमेल के माध्यम से 09 पृष्ठों के साक्ष्य दस्तावेजों सहित हस्ताक्षरित मूल शिकायत एवं वैधानिक नोटिस प्रेषित किया है।

क्या है पूरा मामला और प्रशासनिक लापरवाही?

गणपत शर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राताखार से दर्री की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हसदेव नदी पर बने पुल की सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और लोहे की नुकीली सरिया बाहर निकल आई हैं, जिससे प्रतिदिन दोपहिया व चारपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में की गई जनशिकायत (पंजी क्र. 790626005329) पर पुल की तत्काल मरम्मत कराने के बजाय नगर निगम आयुक्त द्वारा 06 जुलाई 2026 को यह अतार्किक प्रतिवेदन दिया गया कि ₹17.83 करोड़ के नए ब्रिज प्रस्ताव की स्वीकृति के बाद मरम्मत कार्य कराया जाएगा, और बिना किसी धरातलीय कार्य के शिकायत को विलोपित करने की सिफारिश कर दी गई। श्री शर्मा ने इसे जनता की जान के साथ भद्दा मजाक बताते हुए सवाल उठाया है कि नया पुल बनने में वर्षों लग सकते हैं, तो क्या प्रशासन तब तक किसी बड़े हादसे में निर्दोष नागरिकों की मौत का इंतजार कर रहा है?

बालको (रूमगढ़ा) व सीतामढ़ी मार्ग बने ‘गैस चैंबर’

शिकायत पत्र में दर्री बैराज से बालको जाने वाले अति-व्यस्त मार्ग (विशेषकर रूमगढ़ा के आसपास) और सीतामढ़ी मार्ग की बदहाल स्थिति को भी प्रमुखता से उठाया गया है। भारी औद्योगिक वाहनों की आवाजाही के बीच इन जर्जर सड़कों से दिन-रात धूल का इतना घना गुब्बार उठता है कि राहगीरों को दो कदम आगे का रास्ता तक दिखाई नहीं देता। उड़ती जहरीली धूल के कारण स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और आम नागरिक अस्थमा, सिलिकोसिस, फेफड़ों के संक्रमण और आंखों की गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत ‘स्वच्छ हवा और सुरक्षित जीवन के मौलिक अधिकार’ का सीधा उल्लंघन है।

प्रमुख मांगें एवं उग्र आंदोलन की चेतावनी

07 दिवस के भीतर राताखार-दर्री हसदेव पुल की उखड़ी सड़क और बाहर निकली सरियों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए तथा भ्रामक जवाब देकर शिकायत बंद करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।

दर्री बैराज-बालको (रूमगढ़ा) एवं सीतामढ़ी मार्ग का तत्काल डामरीकरण/संधारण कार्य प्रारंभ कर धूल नियंत्रण हेतु नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।

बहरहाल गणपत शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पत्र प्राप्ति के 20 दिवस के भीतर धरातल पर ठोस मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो क्षेत्र की पीड़ित जनता और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर इन मार्गों पर उग्र जन-आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम, कोरबा की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here