झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के वंशज (परपोते) मंगल मुंडा का निधन हो गया है। सड़क दुर्घटना के बाद उनका काफी दिनों से रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार (28 नवंबर) रात उनका इलाज के दौरान निधन हो गया।
मंगल मुंडा के निधन से झारखंड के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महातो ने मंगल मुंडा के अचानक जाने पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, “भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा जी के आकस्मिक निधन की अत्यंत दुखद सूचना मिली। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं, बीजेपी नेता दीपक प्रकाश ने लिखा, “विगत कई दिनों से रांची के रिम्स में इलाजरत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के परपोते श्री मंगल मुंडा जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
बीजेपी विधायक पूर्णिमा साहू ने भी जताया दुख
वहीं, रघुबर दास की बहू और जमशेदपुर पूर्वी से विधायक पूर्णिमा साहू ने भी मंगल मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, “भगवान बिरसा मुंडा के वंशज, आदरणीय मंगल मुंडा जी के आकस्मिक निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना है कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।



