बजट-2025 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। कैबिनेट की बैठक में बजट को मंजूरी मिल गई है। बैठक में पीएम नरेन्द्र मोदी भी शामिल हुए। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंच गईं हैं। सुबह 11 बजे निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी।
इससे पहले सुबह 8:45 बजे वह अपने आवास से वित्त मंत्रालय पहुंचीं। मंत्रालय में आधे घंटे रुकने के बाद वह राष्ट्रपति भवन गईं। वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपी। राष्ट्रपति ने यहां उन्हें दही चीनी खिलाई। इसके बाद वह संसद भवन पहुंचीं। यहां कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें बजट को मंजूरी दी गई। पिछले चार बजट और एक अंतरिम बजट की तरह, ये बजट भी पेपर लेस होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रिकॉर्ड 10वीं बार पेश करेंगी बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इसी के साथ वे लगातार 8वां बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाएंगी। इसके साथ ही सीतारमण पूर्व पीएम मोरारजी देसाई द्वारा अलग-अलग समयावधि में पेश किए गए 10 बजटों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगी।
सीतारमण 2019 में भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बनी थीं। 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। तब से सीतारमण ने सात बजट पेश किए हैं। स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर, 1947 को देश के पहले वित्त मंत्री आर के शनमुखम चेट्टी ने पेश किया था। पूर्व पीएम मोरारजी देसाई ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और बाद में प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में वित्त मंत्री के तौर पर कुल 10 बजट पेश किए हैं।
बजट को लेकर क्या बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि संसद का बजट सत्र देशवासियों में एक नया विश्वास पैदा करेगा और उन्हें नई ऊर्जा देगा। साथ ही उन्होंने यह प्रार्थना भी की कि आगामी आम बजट के मद्देनजर देश के हर गरीब और मध्यम वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहे। पीएम मोदी ने कहा, मेरे तीसरे कार्यकाल का यह पहला पूर्ण बजट है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे, तब तक विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, यह बजट सत्र और यह बजट उसमें एक नया विश्वास पैदा करेगा और नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा, मैं आशा करता हूं कि हम देश की आशा-आकांक्षाओं के इस बजट सत्र में खरे उतरेंगे।



