
चांपा। निकाय चुनाव का दौर लगातार जारी है। उसी क्रम में रविवार की शाम डोंगाघाट चौक में कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन रखा गया था। जिसके मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत थे। कार्यक्रम मे स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप, मोतीलाल देवांगन सहित तमाम कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत पूजा पाठ से की गई। कार्यक्रम को सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया। अंत में मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उन्हें रिचार्ज किया। साथ ही कार्यक्रम में चुनाव घोषणा पत्र का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश अग्रवाल सहित सभी 27 वार्ड पार्षद प्रत्याशी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

वहीं दूसरी ओर सोमवार को भाजपा ने भी कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहे। भाजपा ने बरपाली चैक से रैली निकालकर नगर भ्रमण करते हुए सरस्वती शिशु मंदिर में कार्यक्रम का समापन किया। जहां कार्यकर्ता सम्मेलन को मंचस्थ अतिथियों ने संबोधित किया। अंत में मुख्य अतिथि विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भाजपा के प्रत्याशी प्रदीप नामदेव और सभी 27 वार्ड पार्षद प्रत्याशी को चुनाव जीतने अपील की।


क्या कहा नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत ने…
कांग्रेस चुनाव कार्यालय उद्घाटन पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत ने बिहान खबर को बताया कि भाजपा का नारा जनबल बनाम धनबल पर कहा कि कांग्रेस हमेशा जनबल के सहारे चुनाव लड़ी है धनबल की बात तो भारतीय जनता पार्टी वाले करते हैं। उनके मंत्री और कई प्रमुखों धन बांटने भी आए हैं और धन उगाने भी आए हैं। यहां बहुत सारे धनाड्य लोग है वो भाजपा उनको चमकाकर पैसे वसूल करती है। अगर नहीं चमकाए होंगे तो तैयार हो जाएं जीएसटी का डर, सीबीआई का डर देंगे, ईडी का डर देंगे और उनको भय दिखाकर भयादोहन करेंगे। कांग्रेस पार्टी कभी भी भय से चुनाव जीतना नहीं चाहती। कांग्रेस पार्टी हमेशा प्यार से अपनापन से भाईचारे के साथ चुनाव लड़ती है। कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा से मतदाता से हाथ जोड़कर वोट मांगती है और हमें मिलता है, जिसके सहारे हम चुनाव जीतते भी है। इस चुनाव में भी जनता हमारा साथ जरूर देगी।


क्या कहा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने…
पसीना पैसे से टकराएगा और निश्चित रूप से पसीना जीत के आएगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष डाॅ. चरणदास महंत के बयान धनाड्य लोगों को भाजपा चमकाकर और डराकर पैसे वसूल करती है वाले सवाल पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ये भी कोई सवाल है जिसका जवाब दिया जाए। आखिर ऐसी क्या बात है जिसके चलते उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सवाल का जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। उल्टे पत्रकार को ही ऐसे सवालों से समय बचने हिदायत दे डाली।

बहरहाल निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद चांपा से बडे़ राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में वरिष्ठ पदाधिकारी जनता के सामने शक्ति प्रदर्शन करते नजर आ रहे है। अब देखने वाली बात होगी की जनता का समर्थन किसे मिल पाता है। वहीं कांग्रेस पार्टी से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी उपकार सिह ढिल्लो भी जनता के सामने समर्थन मांग रहे है। क्या जनता का समर्थन कांग्रेस पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे उपकार सिंह ढिल्लो को मिल पाएगा। साथ ही साथ अध्यक्ष के चुनाव में दो अन्य निर्दलीय भी चुनावी मैदान में हैं।


