
चांपा। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर चांपा सुन्नी मुस्लिम जमात चांपा एवं ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के द्वारा आयुष्मान बल्ड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान शिविर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जांजगीर चांपा जिले के विधायक ब्यास कश्यप, अध्यक्षता चांपा नपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।
समाज के सदस्यों ने बताया कि रक्तदान शिविर में पहुंचे समाज के लोगों के द्वारा शिविर में दान किए गए रक्त को थैलेसीमिया और सीकलिंग के मरीजों को निःशुल्क प्रदान किया जाता है। वहीं सभी समाज के लोगों के लिए भी निशुल्क रक्तदान उपलब्ध कराया जाता है। जमात के सदस्यों ने यह भी कहा कि वे अपने बड़े बुजुर्गों के मार्गदर्शन से समाज के जरूरत की चीजों को समय समय पर उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्यास कश्यप ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज के द्वारा रक्तदान शिविर सराहनीय है। जांजगीर में मेरा स्वयं का मकान मुस्लिम मोहल्ले में ही है। नैला के मस्जिद के पास भी हमारा घर था। वहां भी हम सभी भाईचारा के साथ रहते है। मुस्लिम समाज के द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मुस्लिम भाई ही नहीं बल्कि सभी समाज को बुलाए और सभी धर्म एक साथ मिलकर रक्तदान शिविर को भव्य बनाए। चांपा से मेरा संबंध बहुत पुराना है। मैने भी चांपा में आकर कई बार बल्ड डोनेट किया है। वही मुस्लिम समाज को समय के साथ चलने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बात कही। वही मुस्लिम समाज के लिए नवीन भवन निर्माण के लिए 10 लाख की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के अंत में रक्तदान करने वाले वीरों का प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं हेलमेट देकर सम्मान किया गया।

