
वासु सोनी चांपा। स्वर्णकार समाज छत्तीसगढ़ के द्वारा बैठक आयोजित कर सामाजिक संविधान पुस्तक विमोचन एवं आगामी महासभा को लेकर स्वर्णकार समाज सभी सर्किल के पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई।
स्वर्णकार समाज छत्तीसगढ़ के राजा मुरारी लाल सोनी की उपस्थिति में चांपा नगर के स्वर्णकार भवन में समाज के पदाधिकारियों की बैठक आहुत की गई। जिसमें मुख्य रूप से समाज के राजा मुरारी लाल सोनी, अध्यक्ष जयदेव सोनी, सचिव रामेश्वर प्रसाद सोनी सहित सभी सर्किल के सदस्यों की उपस्थिति में आगामी महासभा एवं समाज हित को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। जिसमें आगामी महासभा को लेकर सभी सर्किल से आवश्यक जानकारी ली गई। वहीं स्वर्णकार समाज के द्वारा बनाए गए सामाजिक संविधान पुस्तक का विमोचन भी उपस्थित अतिथि एवं सदस्यों के द्वारा किया गया। तत्पश्चात समाज के विशेष उपलब्धि प्राप्त नागरिकों का सम्मान साल श्रीफल के साथ किया गया। वहीं कार्यक्रम के अंत में आगामी महासभा एवं अन्य जानकारियां सर्किल के सभी सदस्यों से लेकर बैठक का समापन किया गया।

वार्ड 6 के पार्षद एवं सभापति संजय सोनी का किया गया सम्मान
समाज के विभूतियों के सम्मान के क्रम में नगर के वार्ड 6 के पार्षद एवं सभापति संजय सोनी के द्वारा समाज हित और चांपा स्वर्णकार भवन के उन्नयन के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अतिथियों द्वारा मोमेंटो, शाल, श्रीफल से सम्मान किया गया।




