स्थाई विद्युत कनेक्शन उपभोक्ताओं पर वार, अस्थाई पर कार्रवाई से लाचार, विद्युत विभाग के चांपा जोन का मामला, क्या कुंभकर्णीय नींद से जागेंगे अधिकारी-कर्मचारी…

0
68

वासु सोनी चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी मर्यादित चांपा जोन में अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्रदान तो कर दिया गया है लेकिन बिजली विभाग चांपा जोन के अधिकारियों की उदासीनता और उपरी कमाई के चक्कर में चांपा जोन में वर्तमान समय में अनेक कनेक्शन बिना नवीनीकरण के चल रहे हैं।
चांपा जोन अंतर्गत नगर में लगभग 416 अस्थाई विद्युत कनेक्शन संचालित हैं। जिसके नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी मर्यादित के नियमों की बात करें तो तीन से छह माह तक के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन कुछ शर्तों के अधीन दिया जाता है। जिसमें विवाह या अन्य समारोह, मेला, त्यौहार, धार्मिक समारोह या मौसमी व्यवसाय इत्यादि हो सकते हैं। लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की उदासीनता विभाग के राजस्व का अच्छा खासा नुकसान कराने आमादा है। वहीं अधिकारियों की बात करें तो उनके पास इस समस्या से निपटने कई समाधान हर समय उपलब्ध रहते हैं, लेकिन वे इसका उपयोग शायद अपनी जेब गर्म करने के लिए करते हो।
चांपा जोन अंतर्गत 416 अस्थाई कनेक्शन, कार्रवाई जीरो
सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेज के आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी मर्यादित चांपा जोन अंतर्गत नगर में लगभग 416 अस्थाई विद्युत कनेक्शन संचालित है लेकिन उनके नवीनीकरण की बात करें तो वर्तमान समय तक एक भी नवीनीकरण का फार्म नहीं लिया गया है। जिससे यह प्रतीत होता है कि अस्थाई कनेक्शनधारी उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे है, लेकिन चांपा जोन के अधिकारी और कर्मचारी अपनी कुंभकर्णीय नींद के चलते उन पर कोई भी कार्रवाई नहीं कर पा रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here