
वासु सोनी जांजगीर चांपा। जिले सहित नगर के मुख्य मार्गों में जिले के सभी उच्च स्तरीय अधिकारियों का आना जाना रोजाना होता है उसके बाद भी वे अपनी आंख मूंद बैठे है। जिले सहित नगर में मुख्य मार्गों पर रोजाना जाम की स्थिति निर्मित होती है जिसका मुख्य कारण व्यापारियों द्वारा संचालित दुकान का रोड पर अवैध कब्जा होता है। लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी शायद इस पर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझते। चांपा नगर की बात करें तो कई दुकान संचालक आधे से अधिक रोड पर कब्जा कर कमाई कर रहे है लेकिन जिले और नगर के अधिकारी वहां से गुजरने के बाद भी आराम की नौकरी कर रहे है क्योंकि वास्तविक स्थिति देखने के बाद भी शिकायत कोई नहीं कर रहा मतलब अधिकारियों का लाइन क्लियर रहता है। जब तक कोई शिकायत ना करे अधिकारी देख कर भी अंजान बने रहते है वहीं जब अधिकारियों को दिक्कत होती है तब कानून और नियम की दुकान खोल कर कार्रवाई का रास्ता खोजा जाता है। फिलहाल जिले सहित नगर के अधिकारी समाचार लिखे जाने पर रोजाना दिखने वाले चीजों का सबूत मांगते फिर रहे है। अब इन्हें कौन बताए कि साहब आंख सही से खोलकर देख लीजिए तो शायद समाचार भी सही लगने लगे?


