
वासु सोनी चांपा। नगर पालिका परिषद चांपा में अधिकारी कर्मचारी इतने व्यस्त है कि उनके पास जनहित के कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता नहीं है। वहीं विगत 3 से 4 महीनों से गौरव पथ रोड गार्डन में लगे राष्ट्रीय ध्वज के खंभे में सिर्फ खंभा खड़ा है लेकिन उस पर लहराने वाला राष्ट्रीय ध्वज गायब हो गया है। नगर की चिंता करने वाले नगर पालिका परिषद चांपा के अधिकारी कर्मचारी अपनी जेब गर्म करने के चक्कर में इतने व्यस्त है कि उन्हें गौरव पथ स्थित गार्डन के राष्ट्रीय ध्वज लगाने की फुर्सत नहीं है तो वहीं बंद कमरे में निविदा पास करने आधी रात तक मीटिंग चल रही है।
नगर पालिका परिषद चांपा पहुंचने पर रोजाना कई लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचते है लेकिन मीटिंग और फाइलों में सिग्नेचर करने में ही अधिकारी और कर्मचारियों का समय निकल जा रहा है। जिसके चलते नगर की जनता सिर्फ पालिका के चक्कर काटने मजबूर है।
नगर के जनहित के कामों को लेकर कोई भी पालिका का अधिकारी कर्मचारी शायद ही ईमानदारी से काम करता नजर आता हो। जिसके चलते नगर में साफ सफाई तो चल रही लेकिन गंदगी बरकरार है, निविदा हो रही लेकिन काम अधूरे है, रोड बन रही लेकिन उचित जांच के अभाव में रोड उखड़ जा रहे, इतने अधिकारी कर्मचारी के बाद भी नगर पालिका परिषद चांपा के जनहित कार्य विकास नही बल्कि विनाश को बढ़ावा दे रहे है। वहीं कर्मचारी किसी भी कार्य के लिए एक दूसरे विभाग की ओर भेजते नजर आते है वो भी यह कहते हुए कि हमारे विभाग का काम नहीं है उनके पास जाइए। आखिर विभागों के मकड़जाल में फंस कर आम नागरिक शांत बैठ जाता है और शासकीय कर्मचारी मजे करते नजर आते है।
क्या नगर पालिका परिषद चांपा के पास इतना भी फंड नहीं कि वे गार्डन में लगे खंभे में राष्ट्रीय ध्वज लगा सके? शायद राष्ट्रीय ध्वज से ज्यादा जरूरी निविदा का काम है, जिसक लिए शाम से लेकर रात तक मीटिंग जारी रहती है।

