बिलासपुर में टिकट दलाली के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, यहां से बुक होकर प्रयागराज भेजे जाते थे आरक्षित टिकट

0
83

बिलासपुर। आरपीएफ अपराध गुप्तचर शाखा ने तत्काल के समय में बिलासपुर व हाई कोर्ट आवासीय परिसर बोदरी स्थित आरक्षण केंद्र में दबिश देकर दो टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है। आरोपित शहर में टिकट बनाकर भदोई प्रयागराज में किसी व्यक्ति को भेजते थे।

टिकट ट्रेन या बस के माध्यम से जाता था। यह मामला उजागर होने के बाद आरपीएफ ने बारीकी से छानबीन करने की योजना तैयार की है। वहीं पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।

आरपीएफ पूरी तरह अलर्ट

त्योहारी सीजन व ग्रीष्मकालीन अवकाश के मद्देनजर आरपीएफ पूरी तरह अलर्ट हो गई है। दरअसल इस सीजन में टिकट दलाल सक्रिय हो जाते हैं। इस वजह से जरूरतमंद यात्रियों को कंफर्म बर्थ के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। यात्रियों को सुविधाजनक ढंग से रेल टिकट की उपलब्धता हो सके, इसलिए टिकट दलालों पर शिकंजा कसने रेलवे आरक्षण केंद्रों की औचक जांच शुरू कर दी गई है। मुखबिर को भी सतर्क कर दिया गया है।

दलाल सक्रिय होने की जानकारी मिली

इसी के तहत बिलासपुर आरपीएफ अपराध गुप्तचर शाखा को रेलवे परिक्षेत्र स्थित आरक्षण केंद्र व हाई कोर्ट आवासीय परिसर स्थित पीआरएस में दलाल सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसी के तहत अपराध गुप्तचर शाखा की टीम ने दोनों जगहों पर दबिश दी। इस दौरान हाई कोर्ट आवासीय परिसर स्थित पीआरएस से जांजगीर-चांपा जिले के अमलीपाली निवासी रामचरण मन्नेवर को गिरफ्तार किया गया। वहीं वायरलेस कालोनी निवासी शुभम रजक को रेलवे परिक्षेत्र स्थित पीआरएस से पकड़ा गया।

दलालों के पास से 1,64,000 रुपये मूल्य के आगामी दिनों के दो टिकट सहित 47 रेलवे आरक्षित काउंटर टिकट जब्त किए गए। इसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आरपीएफ कार्यालय लाया गया। पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी मिली। दोनों व्यक्ति भदोई प्रयागराज के किसी रविंदर कुमार नाम के व्यक्ति को बिलासपुर से रेलवे आरक्षित टिकट बनाकर बस या ट्रेन से प्रयागराज भेजते थे।

इन धाराओं में कार्रवाई

पकड़े गए दलालों के विरुद्ध आरपीएफ ने धारा 143 रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं रविंदर कुमार एवं शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।

200 रुपये से 300 रुपये वसूलते थे कमीशन

पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि दोनों बिलासपुर एवं आसपास के एरिया में भी रेलवे आरक्षित टिकट दलाली का काम करते थे। इसके एवज में प्रति यात्री 200 रुपये से 300 रुपये अतिरिक्त चार्ज भी वसूलते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here