
जांजगीर-चांपा। अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक छात्राओं के आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में यह छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। इसलिए महाविद्यालय स्तर पर योजना की जानकारी दी जाए और पात्र छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी प्राचार्य अपने संस्थानों में पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ उनके आवेदन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई शासकीय विद्यालय से पूर्ण करने वाली तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाए।
पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष मिलेगी 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनके पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें, परिवहन तथा शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।
31 अगस्त तक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क एवं ऑनलाइन है। प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। इसके पश्चात द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे। इच्छुक पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट https://azimpremjifoundation.org के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान पिछले छह माह की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकसूची तथा प्रवेश का प्रमाण-पत्र जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र अथवा ट्यूशन फीस रसीद की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेज निर्धारित पीडीएफ, जेपीजी अथवा पीएनजी प्रारूप में अपलोड किए जा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए स्कॉलरशिप वाट्सऐप हेल्पलाईन नंबर 9019960536 पर संपर्क कर सकते है।


