शव के जिंदा होने का इंतजार कर रहे तिरुपति मोटर्स के मालिक, नगर के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी तिरुपति मोटर्स के एसी कमरे का ले रहे मजा…. रात 9 बजे तक कोई आधिकारिक बयान नहीं, शव कर रहा मालिक का इंतजार…

0
117

वासु सोनी चांपा। रोजी-रोटी के लिए मेहनत करने निकले एक श्रमिक की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक शिवराम धीवर के रूप में हुई है, जो तिरुपति मोटर्स में फिटर एवं वेल्डर का काम करता था। जानकारी के अनुसार, तिरुपति मोटर्स के माध्यम से उसे काम के सिलसिले में रायपुर भेजा गया था, जहां कार्य के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना की खबर चांपा पहुंचते ही परिजनों में शोक के साथ आक्रोश व्याप्त हो गया। मुआवजे की मांग को लेकर करीब 40 से 50 लोग चांपा-बिर्रा फाटक स्थित ओवरब्रिज के पास तिरुपति मोटर्स के प्रतिष्ठान पहुंच गए और मुख्य गेट के सामने बैठकर प्रदर्शन शुरु कर दिया।

शव पहुंचते ही परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच शिवराम का शव चांपा पहुंचा। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग को लेकर एकजुट हो गए। परिजनों का कहना है कि शिवराम तिरुपति मोटर्स के माध्यम से रायपुर में काम कर रहा था, ऐसे में उसकी मौत के बाद परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।

जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ी नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे परिजनों के अनुसार, घटना के बाद अब तक प्रतिष्ठान के मालिक या किसी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। इसी बात को लेकर परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर चांपा पुलिस पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुआवजे पर सहमति नहीं, परिजन प्रदर्शन पर अड़े

देर शाम तक तिरुपति मोटर्स के गेट के सामने परिजनों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा बना रहा। परिजन शिवराम की मौत के मामले में उचित मुआवजे और जिम्मेदार पक्ष की ओर से ठोस आश्वासन मिलने की मांग कर रहे हैं।

बहरहाल जिम्मेदार तिरुपति मोटर्स के आधिकारिक गुर्गे और चांपा नगर को चलने वाले अधिकारी वर्ग के जिम्मेदार लोग सिर्फ इंतजार में बैठे है कि मृतक वापस उठकर बैठ जाएगा और उनका रुपया बच जाएगा? रात 9 बजे तक तिरुपति मोटर्स से कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है जिसके चलते मृतक का शव गेट पर उनके आने का इंतजार कर रहा है। अब देखना यह है कि मृतक का शव अभी घर जाएगा या जिम्मेदार लोग शव को भी रात भर इंतजार कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here