प्रयागराज, अयोध्या और काशी के लिए सीधी ट्रेन की मांग तेज… अस्थि विसर्जन जैसे दुखद अवसरों पर सीधी ट्रेन न होने से गरीब परिवारों पर पड़ रहा ₹15 से ₹25 हजार तक की निजी टैक्सी का अतिरिक्त आर्थिक बोझ…

0
55

वासु सोनी जांजगीर-चांपा/रायगढ़/कोरबा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और घनी आबादी वाले जिले—रायगढ़, जांजगीर-चांपा और कोरबा से कटनी मार्ग होते हुए प्रयागराज, अयोध्या धाम और वाराणसी (बनारस) के लिए सीधी यात्री ट्रेन चलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के नागरिकों की इस अत्यंत संवेदनशील समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विकास शर्मा द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सहित जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत और रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया को औपचारिक ईमेल और पीजी पोर्टल के माध्यम से विस्तृत मांग-पत्र भेजा गया है।

शोकाकुल और गरीब परिवारों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाया

मांग-पत्र में सामाजिक कार्यकर्ता विकास शर्मा ने बताया कि रायगढ़, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेष रूप से वे शोकाकुल परिवार जिनके घर में किसी सदस्य का निधन हो जाता है, अस्थि विसर्जन एवं धार्मिक कर्मकांडों के लिए प्रयागराज (त्रिवेणी संगम) और काशी जाते हैं। चूँकि मृत्यु एक आकस्मिक घटना होती है, इसलिए ऐसे समय में पहले से रेल आरक्षण करा पाना संभव नहीं होता।

वर्तमान में इन तीनों जिलों से बिलासपुर-कटनी मार्ग होकर प्रयागराज, अयोध्या या वाराणसी जाने के लिए एक भी नियमित सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसका सीधा असर क्षेत्र के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। सीधी ट्रेन न होने के कारण शोकाकुल परिवारों को मजबूरन ₹15,000 से ₹25,000 तक खर्च करके निजी वाहन (टैक्सी) बुक करनी पड़ती है, जिससे शोक की घड़ी में उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। वहीं, लोकल ट्रेनों से बिलासपुर या उसलापुर जाकर देर रात ट्रेन बदलने में वृद्धजनों, महिलाओं और अस्थि कलश के साथ यात्रा करने वाले परिजनों को भारी शारीरिक व मानसिक कष्ट उठाना पड़ता है।

रेल मंत्रालय के समक्ष रखे गए ये प्रमुख सुझाव:

1. वर्तमान ट्रेनों का विस्तार: दुर्ग से चलने वाली सारनाथ एक्सप्रेस (15159/15160) अथवा दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस (18201/18205) का विस्तार रायगढ़ अथवा कोरबा (वाया चांपा) तक किया जाए।

2. नई ट्रेन का संचालन: रायगढ़ और कोरबा से वाया चांपा–बिलासपुर–कटनी मार्ग होते हुए प्रयागराज, अयोध्या धाम और वाराणसी के लिए एक नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए।

3. स्पेशल ट्रेनों को स्थायी करना: त्योहारों पर चलाई जाने वाली रायगढ़–बनारस स्पेशल जैसी ट्रेनों का नियमित संचालन किया जाए।

बहरहाल सामाजिक कार्यकर्ता विकास शर्मा ने क्षेत्र के तीनों लोकसभा सांसदों से आग्रह किया है कि वे जनहित और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े इस मुद्दे को रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाएं, ताकि पूर्वी छत्तीसगढ़ के लाखों नागरिकों को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here