
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में भाजपा के नेतृत्व वाली विष्णुदेव साय सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। जिसको लेकर भाजपा पूरे राज्य में एक साल सुशासन का छत्तीसगढ़ हुआ खुशवाल की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित की। अब इसको लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस ने आगामी 23 दिसंबर को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव का ऐलान किया है।
इस सबंध में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विवेक सिंह सिसोदिया, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री गौरव सिंह, विधान सभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला पूर्व एल्डरमेन हीरा उपाध्याय, नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेश भोलू यादव, इंजी आकाश सिंह के उपस्थिती में 20 दिसंबर को प्रेस वार्ता रखी थी। मीडिया के सवालों पर उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिलेभर से 200 से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य भाजपा सरकार को उसकी वादाखिलाफी और जनता के साथ किए गए छल को उजागर करना है। प्रदेश के नागरिकों को उम्मीदों की जगह मायूसी और कुशासन का सामना करना पड़ा है। बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और पर्यावरण विनाश जैसे मुद्दों ने सरकार की विफलताओं को उजागर किया है। इन्हीं विषयों को लेकर युवा कांग्रेस ने आगामी दिनों में मुख्यमंत्री निवास घेराव करेगी। इसी के साथ उन 5-6 बिन्दुओं की जानकारी भी दी गईं। जिसको लेकर सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।इस दौरान गुड्डू पठान, दीपक यादव, राहुल राठौर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
बेरोजगारी और छलावे की राजनीति
भाजपा ने चुनाव पूर्व वादा किया था कि वह एक साल में 1 लाख युवाओं को नौकरी देगी। लेकिन एक साल बाद भी 33,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा अधूरा है। उच्च शिक्षा विभाग में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के लिए 1,300 पदों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरने से की तैयारी है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर न के बराबर हैं, और हर विभाग में छंटनी जारी है।
अपराध बढ़ा, राजधानी में भय का माहौल
राजधानी रायपुर अब छूराधानी के नाम से कुख्यात हो चुकी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण पूरी तरह विफल रहा है। पिछले एक साल में राजधानी में 6 गोलीबारी और 80 हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं। खतरनाक चाकुओं और हथियारों की ऑनलाइन बिक्री ने कानून व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
किसानों के साथ छल
चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का वादा किया था। परंतु हकीकत में किसानों को केवल 2300 रूपये समर्थन मूल्य का भुगतान और 10-12 क्विंटल धान प्रति एकड़ खरीदी जा रही है। किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है, मंडियों में धान का उठाव अबतक केवल 22 प्रतिशत हुआ है, धान खरीद केंद्रों में अव्यवस्था है, टोकन समय पर नहीं मिल रहा है, और बारदाना की भारी कमी बनी हुई है। रवि फसल में धान लगाने पर जुर्माने की चेतावनी ने किसानों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था बदहाल
प्रदेश में डकैती, हत्या और आगजनी जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। कवर्धा के लोहारीडीह हत्याकांड और सूरजपुर में पुलिसकर्मी की पत्नी और बच्ची की हत्या ने जनसुरक्षा की स्थिति को उजागर किया है।
पर्यावरण की अनदेखी हसदेव के जंगलों का विनाश
भाजपा सरकार द्वारा एक पौधा मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है, जबकि हसदेव अरण्य में 1.5 लाख से अधिक पेड़ों की कटाई कर अडाणी समूह को खनन का अधिकार दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण के नाम पर सरकार की यह दोहरी नीति जनता के बीच आक्रोश पैदा कर रही है।
कांग्रेस का ऐलान घेराव से सरकार को देंगे चेतावनी
विवेक सिसोदिया, गौरव सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में यह आंदोलन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें निभाने में पूरी तरह विफल है। युवा कांग्रेस का यह आंदोलन भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करेगा।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष मुकेश जायसवाल का कांग्रेस पर पलटवार
भाजयुमो जिला अध्यक्ष मुकेश जायसवाल ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रिंस शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों पर करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले एक साल में अपने अधिकतर वादे पूरे किए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस शासनकाल में पीएससी घोटाले के चलते हजारों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने पारदर्शी तरीके से पीएससी परीक्षाएं आयोजित करवाईं और विभिन्न विभागों में नौकरियां निकालीं। बावजूद इसके, कांग्रेस यह झूठ फैला रही है कि छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासन में हजारों छत्तीसगढ़ियों का पीएम आवास का हक छीन लिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद हर जिले में सैकड़ों पीएम आवास बनाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा अच्छे कार्यों का विरोध किया और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। 5 साल तक सत्ता में रहते हुए कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही। अब विपक्ष में आकर झूठे बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
हसदेव के मुद्दे पर बोलते हुए जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस को यह मुद्दा सिर्फ विपक्ष में रहते हुए ही याद आता है। सत्ता में रहते हुए उन्होंने कभी हसदेव के संरक्षण की बात नहीं की। भाजपा सरकार हसदेव की महत्ता को समझती है और इसके संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता ही हसदेव में अवैध उत्खनन कर रहे हैं और रेत खदानों को संचालित कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, और सरकार प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत है। कांग्रेस नेताओं द्वारा दिया गया बयान मात्र उनकी राजनीति चमकाने का प्रयास है।