कोरबा,
बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जुझारू पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या पर कोरबा प्रेस क्लब। इन घटना की निंदा करते हुए शनिवार के शाम को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान कोरबा जिले के पत्रकारों ने पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया। यह भी कहा कि वर्तमान दौर पत्रकारिता के लिए चिंतनीय है। ऐसे समय में पत्रकारों को एकजुट रहकर संघर्ष करने की जरूरत है। आपसी मतभेदों को जोड़कर भूल कर पत्रकारों को एक मंच पर आना चाहिए। पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद पत्रकार जगत में रोष व्याप्त है। सभी इस मुद्दे को लेकर उद्वेलित हैं। जिसे लेकर कोरबा प्रेस क्लब के सदस्यों ने तिलक भवन से कैंडल मार्च निकाला और श्रद्धांजलि सभा को टीपी नगर चौक में समाप्त किया.

प्रेस क्लब तिलक भवन में कोरबा जिले के सभी पत्रकारों ने मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या पर आक्रोश व्यक्त किया। घटना की कड़े शब्दो में निंदा की। इसे भ्रष्टाचार में लिप्त ठेकेदार, अधिकारी और शासन के गठजोड़ का परिणाम बताया। यह भी कहा कि किसी पत्रकार को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया, क्योंकि उसने जनता की आवाज उठाई। व्यवस्था को आईना दिखाने का काम किया। यह सिर्फ मुकेश चंद्राकर की मौत नहीं है। यह पत्रकारिता की मौत होने जैसा है.

वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव ने कहा कि सिर्फ श्रद्धांजलि देने भर से हम अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं कर सकते। हमें ठोस पहल करनी होगी। हममें से कई लोग विपरीत परिस्थितियों में काम करते हैं। हमारा काम दो धारी तलवार पर चलने जैसा होता है। आज अगर मुकेश की बारी है, तो कल हममें से किसी एक को भी ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है.

वरिष्ठ पत्रकार मनोज शर्मा ने कहा कि क्षोभ और आक्रोश दोनों ही अपने चरम पर है। ऐसी घटनाओं से मन विचलित होता है। किसी भी स्तर पर यह घटना स्वीकार्य नहीं है। चंद्राकर एक बेहद जुझारू और जांबाज पत्रकार थे। जिन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दे को उठाया। भ्रष्टाचार को उजागर किया, अब कई तथ्य सामने आ रहे हैं। बस्तर के आईजी ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए जाने की बात कही है। इस मामले में हम ठोस कार्रवाई की मांग भी करते हैं और भविष्य में ऐसा ना हो इसके लिए एक कड़ा उदाहरण पेश किया जाना चाहिए.




