
वासु सोनी चांपा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कुछ नए अंदाज में जय मां दुर्गा उत्सव समिति हटरी बाजार चांपा द्वारा मां जगत जननी का स्वागत किया जायेगा। 09 अक्टूबर की शाम 7 बजे सुभाष चौक से लेकर सेंट्रल बैंक तक मातारानी का आगमन भव्य रूप से होगा। संगीतमय भजन और महाआरती के पश्चात माता की प्रतिमा हटरी बाजार में निर्मित भव्य पंडाल में विराजित की जाएगी।
नवरात्रि पर्व को लेकर नगर में हर्ष और उल्लास का माहौल निर्मित हो चुका है। नगर में दुर्गा उत्सव को लेकर आकर्षक साज सज्जा के साथ भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। हटरी बाजार स्थित जय मां दुर्गा उत्सव समिति के द्वारा आकर्षक साज सज्जा के साथ माता के लिए पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल निर्माण को लेकर बाहर से कलाकारों को बुलाकर अंतिम रूप दिया जा रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों तक संगीतमय वातावरण में माता की आरती और भजन से नगर का माहौल भक्तिमय होने जा रहा है।


