चांपा। स्थानीय नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों का प्रथम सम्मेलन रविवार 9 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। इसमें नगर पालिका के उपाध्यक्ष का भी चुनाव किया जाएगा। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक विजय अग्रवाल ने रविवार 2 मार्च को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में बैठक लेकर नगर के सभी नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों से रायशुमारी भी की।
उल्लेखनीय है कि दस वर्षों के बाद भाजपा ने स्थानीय नगर पालिका परिषद में बहुमत हासिल करते हुए पार्टी का अध्यक्ष बनाने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा 27 सदस्यीय नगर पालिका परिषद में भाजपा ने 15 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत भी हासिल कर लिया है। इसके अलावा कांग्रेस को मात्र 11 सीटों पर ही जीत हासिल हुई है। भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रदीप नामदेव ने 6 हजार से भी ज्यादा मतों से कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए इस पद पर दुबारा आसीन होने का रिकार्ड बनाया है। इसके पूर्व कोई भी पालिका अध्यक्ष पद पर दुबारा आसीन नहीं हो पाया था। 15 पार्षदों वाली भारतीय जनता पार्टी में उपाध्यक्ष पद के लिए एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति है। किसी एक नाम को तय करने में पार्टी के स्थानीय नेतृत्व को पसीने छूट रहे हैं। भाजपा की ओर से पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए एक नाम चयन करने हेतु पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक रायगढ़ के पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने रविवार 2 मार्च को दिन के 11 बजे से लेकर करीब तीन घंटे तक सरस्वती शिशु मंदिर में भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों से अलग-अलग रायशुमारी की। सूत्रों के अनुसार बताया जाता है कि इस दौरान उन्हें वार्ड क्रमांक 23 के नवनिर्वाचित पार्षद अमरजीत सिंह खटकर के पक्ष में ज्यादातर राय मिली। लगभग सभी पार्षदों ने अमरजीत सिंह खटकर की वरिष्ठता और कर्मठता के साथ ही उनकी सादगी व मिलनसार व्यक्तित्व को देखते हुए यह राय दी कि वे पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त होंगे।
अब देखना यह है कि 9 मार्च को होने वाले पालिका के प्रथम सम्मेलन और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा किस तरह एक नाम पर सहमति कायम करने में सफल हो पाती है। वैसे अब तक पार्टी की ओर से वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद टीकम कंसारी, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद संजय सोनी, वार्ड क्रमांक 7 की महिला पार्षद विनीता किशोर मोदी, वार्ड क्रमांक 19 से पार्षद मंगलदास महंत सहित कुल 9 नाम की पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी सामने आई है।