
डेस्क। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती की सड़ी-गली लाश मिली है। युवती की पहचान रायपुर के चंचल साहू के रूप में हुई है। चंचल 30 जनवरी से लापता थी। रिश्तेदार ने बताया कि युवती 14 दिन पहले अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से भाग गई थी। वहीं, 2 फरवरी को चंचल के पड़ोस में रहने वाले सुमन नागरची नाम के युवक का शव उसके ग्राम धूमा वाले घर के बाहर बाड़ी में पेड़ पर लटका पाया गया था। सुमन रायपुर में अपने मामा के घर रहकर पिकअप ड्राइवर का काम करता था। सुमन भी 30 जनवरी से लापता था। यह मामला राजिम थाना क्षेत्र का है।
घटना गरियाबंद जिले में श्यामनगर-देवरी मार्ग की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी। ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने शनिवार सुबह जहां से बदबू आ रही थी, वहां जाकर देखा तो नहर किनारे झाड़ियों के पास शव दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया।
30 जनवरी से रायपुर से लापता थी युवती
जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है। युवती 30 जनवरी से लापता थी। रिश्तेदार ने बताया कि युवती 14 दिन पहले अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से भाग गई थी। इसके बाद परिजनों ने टिकरापारा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दरअसल, युवती की लाश मिलने से 12 दिन पहले यानि 2 फरवरी को चंचल के पड़ोस में रहने वाले 28 वर्षीय सुमन नागरची का शव भी उसके ग्राम धूमा स्थित घर की बाड़ी में पेड़ पर लटका मिला था। परिजनों के अनुसार, सुमन भी 30 जनवरी से लापता था। सुमन शादीशुदा था, लेकिन विवाद के बाद पत्नी को छोड़ दिया था। वो रायपुर टिकरापारा के संतोषी नगर इलाके में अपने मामा के घर रहकर पिकअप ड्राइवर का काम करता था। पुलिस अब दोनों मौतों को जोड़कर जांच कर रही है।
हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
युवती के शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने कहा कि श्याम नगर देवरी मार्ग पर पुल के नीचे नहर के पास रायपुर निवासी युवती की सड़ी-गली लाश मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि युवती की हत्या हुई थी या आत्महत्या।

