
वासु सोनी बागेश्वर धाम गढ़ा। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी आज बागेश्वर धाम पहुंचे। जहाँ बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया। बागेश्वर सरकार ने मुगदर और बलजीबी रुद्राक्ष की माला और अंग वस्त्र के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश ने उन्हें श्री बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार के पावन दर्शन कराए और बागेश्वर बालाजी भगवान और सन्यासी बाबा प्रेतराज सरकार की महिमा के बारे में भी अवगत कराया। दर्शन के उपरांत पूज्य सरकार एवं उद्योगपति अनंत अंबानी ने श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की आरती कर देश, धर्म और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में हवन की पवित्र आहुतियाँ अर्पित कीं। इस दौरान अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही काशी (वाराणसी) से पधारे विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी लिया।

