
बागेश्वर धाम से गुरु पूर्णिमा पूजन कर लौटते समय NH-44 पर हुआ हादसा; कार का अगला हिस्सा चकनाचूर
कमर में आई चोट, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती; चिकित्सकों ने हालत बताई खतरे से बाहर
वासु सोनी रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधानसभा से विधायक किरण सिंह देव यूपी में एक सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। हादसा बुधवार दोपहर झांसी से सटे ललितपुर जिले में नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर तालबेहट के पास हुआ, जहां उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।
किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अपने परिवार के साथ निजी धार्मिक यात्रा पर मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम गए थे, जहां उन्होंने पूजन-अर्चन किया था। वहां से वापसी के दौरान यह दुर्घटना घटी।
सामने से आई रफ्तार कार को बचाने में बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ललितपुर जिला मुख्यालय से करीब 44 किमी दूर हाईवे पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। गाड़ी को टकराने से बचाने के प्रयास में किरण सिंह देव के ड्राइवर ने जैसे ही वाहन को मोड़ा, कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा इंजन तक पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के वक्त कार की रफ्तार लगभग 80 किमी प्रति घंटे बताई जा रही है। किरण देव जिस वाहन में सवार थे, उसमें उनके साथ उनके पीएसओ (PSO) भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में पीछे चल रहे थे।
झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती, हालत स्थिर
हादसे के तुरंत बाद किरण सिंह देव को झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके कमर में गहरी चोट आई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई हो रही है। प्राथमिक जांच व एक्स-रे/स्कैन में शरीर में किसी भी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर एवं स्थिर बताया है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही झांसी के डीएम, एसएसपी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन मामले की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

