चांपा मुख्य मार्ग पर रोड में कब्जा कर व्यापार करना हुआ आसान…. यातायात विभाग नहीं कर सकता कार्रवाई… काली कमाई का जरिया बना रोड पर चल रहा दुकान… 

0
12

वासु सोनी चांपा। नगर के रोड के कब्जा कर व्यापार करना अब बहुत ही आसान हो गया है। जिले के किसी भी अधिकारी कर्मचारी या संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण अब कोई भी जन बड़ी ही आसानी से रोड पर पूर्ण रूप से कब्जा कर अपना व्यवसाय कर सकता है। वर्तमान समय में लगातार समाचार पत्रों की सुर्खियां बनने के बाद भी कार्रवाई ना कर पाना शासकीय तंत्र की निष्फलता को चरितार्थ कर रही है।

आपको बता दें कि चांपा नगर के सकरे हो चुके रोड पर अब व्यापारी बड़ी आसानी से व्यापार कर रहे है। स्टेशन से लेकर बैरियर चौक और अन्य स्थानों पर रोड में कब्जे की बाढ़ सी आ गई है। शासकीय तंत्र, उच्च स्तर के जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग बाबाओं की भांति मौन धारण कर किसी विशेष चमत्कार का इंतजार कर रहे है। जिसकी कल्पना भी कर पाना संभव नहीं है लेकिन विभाग इसकी कल्पना में डूबे नजर आ रहे है।

यातायात विभाग की बात करें तो रोड से कब्जा हटाने का काम इसी विभाग से संबंधित है लेकिन जांजगीर चांपा जिले से यातायात विभाग गायब हो चुका है। स्टेशन क्षेत्र समाप्त होते ही रोड पर बाइक बनाने वाले का कब्जा ऐसा जमा हुआ है जिसे हटाने खुद भगवान को या देश के यशस्वी प्रधानमंत्री या माननीय राष्ट्रपति को स्वयं आना पड़ सकता है। वहीं स्टेशन क्षेत्र से लेकर बैरियर तक कई ऐसे दुकान रोड पर कई सालों से अपना कब्जा कर दुकान चला रहे है। जिसकी जानकारी जिले में आने वाले सभी अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों को है बावजूद कोई भी इस पर देखना तो दूर संज्ञान लेना भी मुनासिब नहीं समझते।

बहरहाल जिले या दीगर राज्यों से आने वाले कोई भी व्यक्ति चांपा नगर सहित जिले के किसी भी रोड पर कब्जा कर अपना दुकान और व्यापार चला सकते है। जिस पर जिले के कोई भी अधिकारी कर्मचारी कार्रवाई नहीं कर पायेंगें। वही बिना शिकायत भी किसी शासकीय किताबों में खुद से अधिकारी कर्मचारी जांच करने जाए ऐसा शायद ही लिखा हुआ होगा। जिसका पूरा फायदा जिले के अधिकारी और कर्मचारियों को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here